रविवार, 14 जून 2026

20वें तीर्थंकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का सम्पूर्ण जीवन परिचय | पंचकल्याणक, समवशरण एवं मोक्ष

भगवान श्री मुनिसुव्रतनाथ स्वामी जैन धर्म के 20वें तीर्थंकर हैं। उनका लांछन (चिह्न) कछुआ है। उनका जन्म राजगृही (कुशाग्र नगर) में यदुवंशी काश्यप गोत्रीय राजा सुमित्र और रानी श्यामा देवी (सोमावती) के यहाँ हुआ था। उनका शरीर नील वर्ण का था तथा उनकी ऊँचाई 20 धनुष प्रमाण थी। उन्होंने संसार के जीवों को अहिंसा, संयम, तप और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाया। जैन धर्म में उनके गर्भ, जन्म, दीक्षा, केवलज्ञान और मोक्ष कल्याणक अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाए जाते हैं।

संक्षिप्त जानकारी
क्रम : 20वें तीर्थंकर
नाम : भगवान श्री मुनिसुव्रतनाथ स्वामी
चिह्न : कछुआ
जन्म स्थान : राजगृही (कुशाग्र नगर)
पिता : राजा सुमित्र
माता : रानी श्यामा देवी (सोमावती)
वंश : यदुवंश (हरिवंश)
गोत्र : काश्यप
शरीर का वर्ण : नील
ऊँचाई : 20 धनुष
मोक्ष स्थान : श्री सम्मेदशिखर जी (निर्झर कूट)
कुल आयु : 30,000 वर्ष

तीर्थंकर प्रकृति बन्ध
भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी ने अपने पूर्वभव में चम्पापुरी के राजा हरिवर्मा के रूप में उत्कृष्ट धर्माराधना द्वारा तीर्थंकर प्रकृति का बन्ध किया था। उस जन्म की आयु पूर्ण होने पर वे प्राणत स्वर्ग में इन्द्र हुए। वहाँ से आयु पूर्ण कर वे अंतिम जन्म धारण करने के लिए राजगृही नगरी में अवतरित हुए।

गर्भ कल्याणक
प्राणत स्वर्ग से च्युत होकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का जीव श्रावण कृष्ण द्वितीया के दिन श्रवण नक्षत्र में राजगृही नगरी के यदुवंशी राजा सुमित्र तथा रानी श्यामा देवी के गर्भ में अवतरित हुआ। यह उनका प्रथम कल्याणक था।

गर्भ कल्याणक विवरण
स्थान : राजगृही (कुशाग्र नगर)
तिथि : श्रावण कृष्ण द्वितीया
समय : पूर्वाह्नकाल
नक्षत्र : श्रवण

जन्म कल्याणक
नौ माह पश्चात भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का जन्म वैशाख कृष्ण दशमी के दिन राजगृही नगरी में हुआ। उनके जन्म के समय श्रवण नक्षत्र था तथा राशि मकर थी। उनका शरीर नील वर्ण का और ऊँचाई 20 धनुष प्रमाण थी।

जन्म कल्याणक विवरण
स्थान : राजगृही
तिथि : वैशाख कृष्ण दशमी
समय : पूर्वाह्नकाल
नक्षत्र : श्रवण
राशि : मकर
शरीर वर्ण : नील
ऊँचाई : 20 धनुष

कुमारकाल एवं राज्यकाल
भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी ने 7,500 वर्ष तक कुमारकाल व्यतीत किया। इसके पश्चात उन्होंने 15,000 वर्ष तक राज्य का संचालन किया। वे विवाहित थे तथा उनके मुख्य पुत्र का नाम विजय था।

दीक्षा कल्याणक
पूर्वभवों के स्मरण से भगवान के भीतर वैराग्य जागृत हुआ। उन्होंने वैशाख कृष्ण दशमी के दिन अपराह्नकाल में देवों द्वारा लाई गई अपराजिता नामक पालकी में आरूढ़ होकर राजगृही के नील वन में 240 धनुष ऊँचे चम्पक वृक्ष के नीचे एक हजार राजाओं सहित दीक्षा ग्रहण की।

दीक्षा कल्याणक विवरण
वैराग्य का कारण : जातिस्मरण
तिथि : वैशाख कृष्ण दशमी
समय : अपराह्नकाल
नक्षत्र : श्रवण
नगर : राजगृही
वन : नील वन
दीक्षा वृक्ष : चम्पक
सहदीक्षित : 1,000 राजा
पालकी : अपराजिता
प्रथम आहार
दीक्षा के पश्चात भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी ने तेला का नियम धारण किया। तीन दिन बाद उन्होंने राजगृही के राजा वृषभदत्त के यहाँ दूध की खीर का प्रथम आहार ग्रहण किया।

प्रथम आहार विवरण-
उपवास नियम : तेला
दीक्षा के 3 दिन बाद प्रथम आहार
आहारदाता : राजा वृषभदत्त
आहार : दूध की खीर

केवलज्ञान कल्याणक
कठोर तप और साधना के पश्चात भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी को वैशाख कृष्ण नवमी के दिन राजगृही के नील वन में चम्पक वृक्ष के नीचे केवलज्ञान की प्राप्ति हुई। इसके बाद उन्होंने अनंत जीवों को धर्मोपदेश प्रदान किया।

केवलज्ञान विवरण
तिथि : वैशाख कृष्ण नवमी
समय : पूर्वाह्नकाल
नक्षत्र : श्रवण
स्थान : नील वन, राजगृही
वृक्ष : चम्पक

समवशरण-
केवलज्ञान प्राप्ति के पश्चात धनपति कुबेर द्वारा भगवान के लिए विशाल समवशरण की रचना की गई। इस समवशरण का विस्तार ढाई योजन था। यहाँ देव, मनुष्य एवं तिर्यंच जीव समान रूप से भगवान की दिव्यध्वनि का लाभ प्राप्त करते थे।

भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के मुख्य गणधर श्री मल्लि थे। उनके कुल 18 गणधर और 30,000 मुनि थे। मुख्य आर्यिका पूर्वदत्ता जी थीं तथा 50,000 आर्यिकाएँ धर्मसंघ में सम्मिलित थीं। उनके समवशरण में 1 लाख श्रावक और 3 लाख श्राविकाएँ भी धर्मश्रवण करते थे।
भगवान के मुख्य यक्ष भृकुटि देव (वरुण) तथा मुख्य यक्षिणी अपराजिता देवी (बहुरूपिणी) थीं।



मोक्ष कल्याणक
दीर्घकाल तक धर्मतीर्थ का प्रवर्तन करने के पश्चात भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी ने एक माह का योगनिरोध धारण किया। फाल्गुन कृष्ण द्वादशी के दिन सांयकाल में श्रवण नक्षत्र के समय श्री सम्मेदशिखर जी के निर्झर कूट से खड्गासन मुद्रा में एक हजार मुनियों सहित मोक्ष प्राप्त किया।

मोक्ष कल्याणक विवरण-
तिथि : फाल्गुन कृष्ण द्वादशी
समय : सांयकाल
नक्षत्र : श्रवण
स्थान : श्री सम्मेदशिखर जी
विशिष्ट स्थान : निर्झर कूट
आसन : खड्गासन
सहमुक्त : 1,000 मुनि

भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के तीर्थ से 8,800 मुनियों ने अनुत्तर विमान प्राप्त किया, 19,200 मुनियों ने मोक्ष प्राप्त किया तथा 2,000 मुनि पहले से ग्रैवेयक पद को प्राप्त थे।

भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के समय के प्रमुख शलाका पुरुष-
भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के तीर्थकाल में 10वें चक्रवर्ती श्री हरिषेण, 8वें बलदेव श्री रामचन्द्र जी, 8वें नारायण श्री लक्ष्मण तथा 8वें प्रतिनारायण श्री रावण हुए। भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी को माण्डलिक राजा का विशेष पद भी प्राप्त था।

भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का जीवन संदेश-
भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का जीवन त्याग, संयम, तप और आत्मकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि आत्मा की शुद्धि ही वास्तविक सुख का मार्ग है। उनके उपदेश आज भी सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चरित्र की दिशा में अग्रसर होने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

प्रश्नोत्तरी में पूछें जाने वाले महत्वपूर्ण प्रश्न-
प्रश्न : भगवान मुनिसुव्रतनाथ कौन थे?
उत्तर : वे जैन धर्म के 20वें तीर्थंकर थे।
प्रश्न : भगवान मुनिसुव्रतनाथ का चिह्न क्या है?
उत्तर : उनका चिह्न कछुआ है।
प्रश्न : भगवान मुनिसुव्रतनाथ का जन्म कहाँ हुआ था?
उत्तर : राजगृही (कुशाग्र नगर) में।
प्रश्न : भगवान मुनिसुव्रतनाथ के माता-पिता कौन थे?
उत्तर : राजा सुमित्र और रानी श्यामा देवी।
प्रश्न : भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कहाँ हुआ था?
उत्तर : श्री सम्मेदशिखर जी के निर्झर कूट से।

स्रोत:
तिलोयपण्णत्ति
पद्मपुराण
हरिवंशपुराण
जैन परंपरागत ग्रंथ

महत्वपूर्ण बिंदु:-
भगवान बनी सुब्रत नाथ जी जैन धर्म के 20वें तीर्थंकर होने के साथ-साथ शनि ग्रह अनिष्ट निवारक भी आने जाते हैं उनकी पूजा से शनि ग्रह के प्रकट होने वाले दोष शांत हो जाते हैं एवं शनि द्वारा लगने वाली ढैय्या साढ़ेसाती के दोष भी मनुष्य को प्रभावित नहीं करते प्रतिदिन भगवान मुनिसुव्रतनाथ जी का स्तोत्र एवं चालीसा का पाठ करने से शनि पीड़ा नहीं सताती इसलिए प्रतिदिन हमें प्रभु की चालीसा का पाठ करना चाहिए एवं उनके मंत्र का जाप भी करना चाहिए आशा है आपको यह पोस्ट अच्छा लगा होगा अगर आपको यह पोस्ट अच्छा लगा तो इस पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें और अपने मित्र संबंधी में हमारे ब्लॉग के बारे में जरूर बताएं तथा जिनवाणी ज्ञान को पढ़ते रहे आप सभी को सादर जय जिनेंद्र


सोमवार, 12 मार्च 2018

                        ।।श्री शान्तिनाथ चालीसा।।

दोहा:-
परमेष्ठी जिनधर्म जिन आगम मंगलकार।
जिन चैत्यालय चैत्य को वन्दन बारम्बार।।
शान्तिनाथ भगवान के करते चरण प्रणाम।
चालीसा गाते यहाँ पाने निज का धाम।।

चौपाई:-
जम्बूद्वीप में क्षेत्र बताया,
भरत क्षेत्र अनुपम कहलाया।
भारत देश रहा शुभकारी,
जिसकी महिमा जग से न्यारी।।

नगर हस्तिनापुर के स्वामी,
विश्वसेन राजा थे नामी।
रानी एरादेवी पाये,
जिनके सुत शांति जिन गाये।।

माँ के गर्भ में प्रभु जब आये,
रत्नवृष्टि तब देव कराये।
भादव कृष्ण सप्तमी जानो,
शुभ नक्षत्र भरणी पहचानो।।

ज्येष्ठ कृष्ण चौदस शुभकारी,
मेष राशि जानो मनहारी।
जन्म प्रभुजी ने जब पाया,
देवराज ऐरावत लाया।।

शची ने प्रभु को गोद उठाया,
फिर ऐरावत पर बैठाया।
पाण्डुक वन अभिषेक कराया,
सहस्त्र नेत्र से दर्शन पाया।।

पग में हिरण चिह्न शुभ गाया,
शान्तिनाथ तब नाम बताया।
पंचम चक्रवर्ती कहलाए,
कामदेव बारहवें गाए।।

तीर्थंकर सोलहवें जानो,
यथा नाम गुणकारी मानो।
नवनिधियों के स्वामी गाए,
चौदह रत्न श्रेष्ठ बतलाये।।

सहस्त्र छियानवें रानी पाये,
छह खण्डों पर राज्य चलाये।
सूर्यवंश के स्वामी गाये,
सारे जग में यश फैलाये।।

जातिस्मरण प्रभु को आया,
महाव्रतों को प्रभु ने पाया।
एक लाख राजा संग आये,
साथ में प्रभु के दीक्षा पाये।।

ज्येष्ठ कृष्ण चौदस तिथि जानो,
तप कल्यायक प्रभु का मानो।
आत्मध्यान कीन्हें तब स्वामी,
किये निर्जरा अन्तर्यामी।।

पौष सुदी दशमी शुभ आई,
केवलज्ञान की ज्योति जगाई।
समवशरण आ देव बनाये,
प्रभु की जय- जयकार लगाये।।

दिव्य देशना आप सुनाये,
धर्म ध्वजा जग में फहराये।
छत्तिस गणधर प्रभुजी पाये,
प्रथम गणि चक्रायुध गाये।।

यक्ष गरुड़ जानो तुम भाई,
यक्षी श्रेष्ठ मानसी गाई।।
योगनिरोध किये जगनामी,
गुण अनन्त पाए जिनस्वामी।।

नौ सौ मुनि श्रेष्ठ बतलाये,
साथ में प्रभु के मुक्ति पाये।
महामोक्ष फल तुमने पाया,
शिवपुर अपना धाम बनाया।।

कूट कुंदप्रभ जानो भाई,
कायोत्सर्गासन शुभ गाई।
जग में कई जिनबिम्ब निराले,
अतिशय श्रेष्ठ दिखाने वाले।।

आहार क्षेत्र बानपुर जानो,
वीना वाराह भी पहचानो।
रामटेक सीरोन कहाया,
खजुराहो पचराई गाया।।

गाँव- गाँव में बिम्ब बताये,
गिनती कहो कौन कर पाये।
जो भी अर्चा करते भाई,
अर्चा होती है फलदायी।।

कई लोगों ने शुभ फल पाये,
रोग- शोक दारिद्र नशाये।
शान्तिनाथ शान्ति के दाता,
तीनलोक में भाग्यविधाता।।

भावसहित प्रभु को जो ध्याये,
इच्छित वर वह मानव पाये।
पूजा अर्चा कर जो ध्यावें,
सुख शांति सौभग्य जगावें।।

निज आतम का वैभव पावें,
अनुक्रम से फिर शिवपुर जावें। - 2

दोहा:-
चालीसा चालीस दिन, पढ़े भाव के साथ।
सुख शान्ति आनन्द पा, बने श्री का नाथ।।
दीन- दरिद्री होये जो, या हो पुत्र विहीन।

सुत पावें सुख- सम्पदा, होवें ज्ञान प्रवीण।।

बुधवार, 7 मार्च 2018

                             ।।देव स्तुति।।

वीतराग सर्वज्ञ हितंकर भविजन की अब पूरो आस |
ज्ञान भानु का उदय करो मम मिथ्यातम का होय विनाश ॥
जीवों की हम करुणा पाले, झूठ वचन नहीं कहें कदा |
परधन कबहूँ न हरहूँ स्वामी, ब्रह्मचर्य व्रत रखें सदा ॥
तृष्णा लोभ बढ़े न हमारा, तोष सुधा निधि पिया करें |
श्री जिनधर्म हमारा प्यारा उसकी सेवा किया करें |
दूर भगावें बुरी रीतियाँ, सुखद रीति का करें प्रचार |
मेल-मिलाप बढ़ावे हम सब, धर्मोन्नति का करें प्रचार ॥
सुख-दुख में हम समता धारे, रहे अचल जिमि सदा अटल |
न्याय मार्ग का लेश न त्यागें, वृद्धि करें निज आतम बल ॥
अष्ट करम जो दुःख हेतु हैं, उनके क्षय का करें उपाय |
नाम आपका जपें निरन्तर, विघ्न शोक सब ही टल जाय ॥
आतम शुद्ध हमारा होवे, पाप मैल नहीं चढ़ें कदा |
विद्या की हो उन्नति हममें, धर्म ज्ञान हूँ बढ़े सदा |
हाथ जोड़कर शीश नवावें, तुमको भविजन खड़े-खड़े |
य सब पूरो आश हमारी चरण-शरण में आन पड़े ॥

बुधवार, 21 फ़रवरी 2018

               ।।श्री पुष्पदन्तनाथ आरती।।

ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी, प्रभु जय पुष्पदन्त स्वामी।
आरती तुमरी उतारूँ, हो अन्तर्यामी।।
                        ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी... 2

जयरामा है मात आपकी, पितु सुग्रीव कहाय।
क्षत्रिय कुल इक्ष्वाकु वंश में, काश्यप गोत्र सुहाय।।
                                ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

काकन्दी नगरी में जन्में, वैभव था भारी।
राज्य त्याग कर सहस्त्र नृपति संग, मुनि दीक्षा धारी।।
                              ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

उल्कापात देख कर प्रभु ने, अथिर लखा संसार।
भये दिगम्बर करि तपस्या, राग- द्वेष को टार।।
                                ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

श्री सम्मेद शिखर से प्रभु जी, आप गए निर्वाण।
भादव सुदी अष्टमी के दिन, पाया मोक्ष महान।।
                                  ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

सुविधिनाथ भी नाम तुम्हारा, भक्तों के मन भाय।
तिरे आप जग जन को तारा,तारण-तरण कहाय।।
                                  ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

पद्मासन में आप विराजे, नासा दृष्टि सुहाय।
अतिशयकारी अति मनोज्ञ तुम, सौम्य मूर्ति सुखदाय।।
                             ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

सवा लाख जो जाप जपे प्रभु, मनवांच्छित फल पाय।
सेवक शरण तुम्हारी आया, चरणों शीश नवाय।।
                            ॐ जय पुष्पदन्त स्वामी...

रविवार, 18 फ़रवरी 2018

                     ।।मल्लिनाथ चालीसा।।

दोहा :-
मल्लिनाथ महाराज का, चालीसा मनहार।
चालीस दिन तुम नियम से, पढ़िये चालीस बार।।
दर्शन को चलते समय, करिये इसका पाठ।
दुख- चिन्ता, बाधा मिटे, उपजै 'सुमत' विचार।।

चौपाई :-

जय श्री मल्लिनाथ जिनराजा,
मिथिला नगरी के महाराजा।
पिता कुम्भ प्रभावित माता,
इक्ष्वाकु कुल जग विख्याता।।

तज कर शादी की तैयारी,
आकर दीक्षा वन में धारी।
अथिर असार समझ जग माया,
राजकुमार त्याग मन भाया।।

ऐसा तुमने ध्यान लगाया,
केवलज्ञान छठें दिन पाया।
ऊँचा पच्चीस धनुष वदन था,
चिह्न कलश का रंग स्वर्ण था।।

दिए उपदेश महान निरन्तर,
समवशरण में अठाईस गणधर।
आयु पचपन सहस्र साल की,
बीती परहित दीनदयाल की।।

करते हुए हितकार हितंकर,
समवशरण आया हस्तिनापुर।
बनी याद में निशियाँ उनकी,
दे शिवधाम वन्दना जिनकी।।

धन्य- धन्य श्री मल्लि जिनेश्वर,
मुक्ति गए सम्मेद शिखर पर।
पहली निशियाँ शान्तिनाथ की,
दूजी निशियाँ कुंथुनाथ की।।

तीजी निशियाँ अरहनाथ की,
चौथी निशियाँ मल्लिनाथ की।
गए जिनको द्रव्य चढ़ावे,
सोलह शुद्ध भावना भावें।।

अजब विशाल है मन्दिर मनहित,
चार जगह प्रतिमा स्थापित।
मानस्तम्भ बने द्वार पर,
बिम्ब विराजे चौमुख जिसपर।।

बीते छह माह करत विहारा,
मिला ठीक तब प्रथम अहारा।
यही दियो श्रेयांस राव ने,
यही लियो रस आदिनाथ ने।।

कष्ट सात सौ मुनि पर आया,
आकर विष्णुकुमार हटाया।
पांडव दो एक भव शिव लीनो,
बाकी चर्म शरीरों तीनो।।

यही द्रौपदी चीर बढ़े थे,
कौरव- पांडव राज किये थे।
मेरठ जिला श्री हस्तिनापुर,
आते-जाते निशदिन मोटर।।

बना गुरुकुल सबसे अच्छा,
सभी तरह की मिलती शिक्षा।
स्वच्छ सदाचारी वो रहकर,
ज्ञानी गुणी बने पढ़- पढ़कर।।

होती रहती शास्त्र सभाएँ,
जाती रहती मन शंकाएँ।
ब्रह्मचारी त्यागी गृहस्थी जन,
करें करायें आत्म चिंतवन।।

उत्तम छह हो धर्मशालायें,
नर- नारी रहकर सुख पायें।
बिजली लगे नल जल के,
सुन्दर पौधे मीठे फल के।।

करें प्रबन्ध मंत्रीजी मैनेजर,
पढ़े अधिक छवि महोत्सवों पर।।
जेठ व कार्तिक निर्वाण के,
लड्डू चढ़ते शान्तिवीर के।।

आये हज़ारो बहना- भाई,
आते जब दिन पर्व अठाई।
मेला हो कार्तिक में भारी,
चीज़ मिले बाजार में सारी।।

लाता सुमत सदा से पुस्तक,
सर्वोपयोगी धर्म प्रचारक।
दर्शन पूजन भजन आरती,
कर- कर होते मुद्रित यात्री।।

परिग्रह त्याग त्याग मन भरते,
गुण अपने अवलोकन करते।
मानव धर्म मिला उपयोगी,
मत करना ये विषयन भोगी।।

तरुषायी मत व्यर्थ लुटाना,
वृद्धावस्था मत दुख उठाना।
उत्तमोत्तम ये भरी जवानी,
निश्चय यही सकल लसानी।

करना मत अपनी मनमानी,
अच्छी इच्छायें मन में लानी।
रत्नत्रय दश धर्म सुहाना,
धर्म- कर्म नित सुमत निभाना।।

रविवार, 11 फ़रवरी 2018

                ।।श्री पुष्पदन्तनाथ चालीसा।।

दोहा:-
पुष्पदन्त भगवान को, ध्याऊं मन-वच- काय।
हरे चतुर्गति दुःख को, देय सिद्धि सुखदाय।।

चौपाई:-
जय श्री पुष्पदन्त जिन स्वामी,
हो तुम तीन जगत में नामी।
हो चिद्रूप चिदानन्द प्यारे,
तीन लोक त्रयकाल तुम्हारे।।

सुगुण छियालीस के भंडारी,
और अनन्त गुणों के धारी।
मूर्ति आपकी है अतिसुन्दर,
हरदम दृष्टि रहे नासा पर।।

अपराजित विमान के चयकर,
आये आप गुणों के सागर।
पन्द्रह मास रतन बरसे थे,
नर- नारी सब ही हरषे थे।।

सोलह स्वप्ने माता देखे,
पिछले पहर मनोहर पेखे।
काकन्दी नगरी सुखकारी,
प्रभु तुम हुए वहाँ अवतारी।।

जब प्रभुजी की जन्म घड़ी थी,
नरकों में शांति पड़ी थी।
श्री सुग्रीव है पिता तुम्हारे,
रामा की आँखों के तारे।।

पूज्य पिता फूले न समाय,
याचक को बहुदान लुटाय।
देवों ने सुर गिरी ले जाकर,
नव्हन किया बहु भक्ति बढ़ाकर।।

सुरपति सहस नयन धरि देखे,
तो भी तृप्त मन नही लेखे।
आयु मिली दो लाख पूर्व की,
पर विषय में नही पूर्ण की।।

उल्कापात देख कर स्वामी,
झट वैराग्य हुआ जगनामी।
जग के भोग रोग सम जाने,
ममता तज समता में आने।।

लौकांतिक देवों ने आकर,
की स्तुति निज शीश नवाकर।
सारे राज- पाट को तज के,
तप करने को वन में पहुँचे।।

सहस नृपति प्रभु आप संग थे,
तप धारण कर आत्ममग्न थे।
अगहन सुदी की पड़वा भारी,
तुमने मुनिपद दीक्षा धारी।।

नमः सिद्ध कह मुनिव्रत लीन्हा,
पंचमुष्ठी से लोंच जु कीन्हा।
तप कर केवलज्ञान उपाया,
कार्तिक सुदी दोज कहलाया।।

समवशरण धनपति ने कीन्हा,
योजन आठ प्रमाणित चीन्हा।
अठ्ठासी गणधर कहलाये,
केवलज्ञान महानिधि पाये।।

तीन छत्र सिर ऊपर सोहे,
भामण्डल पीछे मन मोहे।
धर्मामृत जिन जग बरसाया,
भविजीवों को बोध कराया।।

फिर सम्मेद शिखर पर आकर,
चार अघाति कर्म नशाकर।
भादव सुदी अष्टमी आयी,
प्रभु ने मोक्ष वहाँ पर पायी।।

तीनलोक के नाथ कहाय,
अविनाशी शिवसुख को पाय।
प्रतिमा श्वेत वर्ण मन भावे,
देखत पाप तिमिर नश जावे।।

चिह्न मगर युत छवि अतिसोहे,
सुर नर असुर नयन मन मोहे।
प्रभु को वीतराग छवि लखकर,
राग- द्वेष सब होय विनश्वर।।

अतिशय पुष्पदन्त का भारी,
आकर देखे सब नर- नारी।
दर्शन से अब भय भग जाते,
रोग मरी संकट टल जाते।।

तुम प्रभु रक्षा सबकी करते,
जग जन की सब पीड़ा हरते।
दीन दुःखी असमर्थ दरिद्री,
विघ्न नशत सुख होय समृद्धि।।

भक्ति भाव से जो नित ध्यावें,
वह प्राणी दुर्गति नही पावें।
जाप जपे जो सन्मुख जाई,
शांति प्राप्त कर आत्म लखाई।।

कृपासिन्धु से कुछ नही चाहूँ,
रत्नत्रय धारण कर पाऊँ।
'मनो' भावना पूरी स्वामी,
मोक्ष रमा पाऊँ शिवगामी।।

दोहा:-
किस विधि गुण वर्णन करूँ, पुष्पदन्त भगवान।
महामोक्ष फल दीजिये, यही अरज गुणखान।।

शनिवार, 10 फ़रवरी 2018

                ।।श्री चन्द्रप्रभ चालीसा।।

दोहा:-
वीतराग सर्वज्ञ जिन, जिन वाणी को ध्याय ।
लिखने का साहस करुं, चालीसा सिर नाय।।
देहरे के श्रीचन्द्र को, पूजौं मन वच काय।
ऋद्धि सिद्धि मंगल करें, विघ्न दूर हो जाय।।

चौपाई:-
जय श्रीचन्द्र दया के सागर, देहरे वाले ज्ञान उजागर।
शांति छवि मूरति अति प्यारी,भेष दिगम्बर धारा भारी।।
नासा पर है दृष्टि तुम्हारी, मोहनी मूरति कितनी प्यारी।
देवों के तुम देव कहावो, कष्ट भक्त के दूर हटावो।।
समन्तभद्र मुनिवर ने ध्याया, पिंडी फटी दर्श तुम पाया।
तुम जग में सर्वज्ञ कहावो, अष्टम तीर्थंकर कहलावो।।
महासेन के राजदुलारे, मात सुलक्षणा के हो प्यारे।
चन्द्रपुरी नगरी अति नामी, जन्म लिया चन्द्र-प्रभ स्वामी।।
पौष वदी ग्यारस को जन्मे, नर नारी हरषे तब मन में।
काम क्रोध तृष्णा दुखकारी, त्याग सुखद मुनि दीक्षा धारी।।
फाल्गुन वदी सप्तमी भाई, केवल ज्ञान हुआ सुखदाई।
फिर सम्मेद शिखर पर जाके, मोक्ष गये प्रभु आप वहां से।।
लोभ मोह और छोड़ी माया, तुमने मान कषाय नसाया।
रागी नहीं, नहीं तू द्वेषी, वीतराग तू हित उपदेशी।।
पंचम काल महा दुखदाई, धर्म कर्म भूले सब भाई।
अलवर प्रान्त में नगर तिजारा, होय जहां पर दर्शन प्यारा।।
उत्तर दिशि में देहरा माहीं, वहां आकर प्रभुता प्रगटाई।
सावन सुदि दशमि शुभ नामी, प्रकट भये त्रिभुवन के स्वामी।।
चिह्न चन्द्र का लख नर नारी, चंद्रप्रभु की मूरती मानी।
मूर्ति आपकी अति उजयाली, लगता हीरा भी है जाली।।
अतिशय चन्द्र प्रभु का भारी, सुनकर आते यात्री भारी।
फाल्गुन सुदी सप्तमी प्यारी, जुड़ता है मेला यहां भारी।।
कहलाने को तो शशि धर हो, तेज पुंज रवि से बढ़कर हो।
नाम तुम्हारा जग में सांचा, ध्यावत भागत भूत पिशाचा।।
राक्षस भूत प्रेत सब भागें, तुम सुमिरत भय कभी न लागे।
कीर्ति तुम्हारी है अति भारी, गुण गाते नित नर और नारी।।
जिस पर होती कृपा तुम्हारी, संकट झट कटता ही भारी।
जो भी जैसी आश लगाता, पूरी उसे तुरत कर पाता।।
दुखिया दर पर जो आते हैं, संकट सब खो कर जाते हैं।
खुला सभी हित प्रभु द्वार है, चमत्कार को नमस्कार है।।
अन्धा भी यदि ध्यान लगावे, उसके नेत्र शीघ्र खुल जावें।
बहरा भी सुन लग जावे, पगले का पागलपन जावे।।
अखंड ज्योति का घृत जो लगावे संकट उसका सब कट जावे।
चरणों की रज अति सुखकारी, दुख दरिद्र सब नाशनहारी।।
चालीसा जो मन से ध्यावे, पुत्र पौत्र सब सम्पति पावे।
पार करो दुखियों की नैया, स्वामी तुम बिन नहीं खिवैया।।
प्रभु मैं तुम से कुछ नहिं चाहूं, दर्श तिहारा निश दिन पाऊँ।

दोहा:-
करुं वन्दना आपकी, श्री चन्द्रप्रभु जिनराज।
जंगल में मंगल कियो, रखो हमारी लाज।।

विशिष्ट पोस्ट

हे सर्वत्यागी हे वीतरागी हे गोम्मटेशम् तुभ्यं नमोस्तु | भगवान बाहुबली भजन

गोम्मटेश भजन: भगवान बाहुबली और आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की महिमा दर्शकों इस लेख में हम भगवान बाहुबली के वीतरागी स्वरूप क...